![]() |
Akhilesh Yadav Interview |
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा की देश विरोधी नीतियों से जनता निजात चाहती है। कालाधन, भ्रष्टाचार और जीएसटी के मुद्दे पर भाजपा ने जनता को ठगा है। चुनाव से पहले हमारा ऐसा गठजोड़ होगा जो भाजपा का सफाया करेगा। इस दिशा में प्रयास हो रहे हैं। समाजवादी पार्टी के लिए मुख्य प्राथमिकता हैं कि पहले संगठन मजबूत करें। हम इसमें लगे हैं। समाजवादी पार्टी सीट बंटवारे में सम्मान जनक फैसला लेगी।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने विकास को रोक दिया है लेकिन भाजपा के तमाम प्रयास निरर्थक साबित होंगे। जनता नोटबंदी से व्यापारी जीएसटी से परेशान है। देश को तरक्की की जरूरत है। लोगों के जीवन में कोई परिवर्तन नहीं आया है। समाजवादी पार्टी परिवर्तन की पक्षधर है। समाजवादी सरकार का काम बोलता है। भाजपा सरकार के किसी भी काम की कोई आवाज नहीं है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा को अपदस्थ करने में क्षेत्रीय दलों की बड़ी जिम्मेदारी होगी। पश्चिम बंगाल में जहर फैलाया जा रहा है। मैं ममता जी की रैली में जाऊंगा। देश के लोग सुप्रीम कोर्ट का फैसला मानेंगे। लेकिन भाजपा के लोगों को संविधान की चिंता नहीं। उन्होंने कहा कि किसान आत्महत्या कर रहा है। आलू और धान किसान बर्बाद है। प्रधानमंत्री जी ने न्यूनतम समर्थन मूल्य का जो वादा किया था आज तक पूरा नहीं हुआ। श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार उत्तर प्रदेश में बेकारी भत्ता नहीं दे रही है जबकि मध्य प्रदेश में वादा कर रही है। सरकार धोखा दे रही है। इसका भरोसा नहीं कर सकते।
श्री यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जी की भाषा है ठोक दो। इसका नतीजा है कि लखनऊ में विवेक तिवारी और बुलन्दशहर में पुलिस वालों को मार दिया गया। जनता वोट डालने का इंतजार कर रही है। जो वोट से आए हैं वे वोट से ही जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नाम बदलने के अलावा कुछ अच्छा काम भी करें। समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण पर चर्चा चाहती है। पार्टियों को अधिकार मिले कि वे अपने हिसाब से महिलाओं को टिकट दें। समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण की विरोधी नहीं है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि अगर मौसम को दोष देंगे ईवीएम खराब होने पर कोई भरोसा नहीं करेगा। मतदान बैलट पेपर से होना चाहिए। उप चुनाव में इसलिए मशीन खराब थी कि उस वक्त लोग रोज़े पर थे। वो थक कर लौट जाएं इसलिए ईवीएम खराब की गई। मुख्यमंत्री जी बताएं कि कौन सा बड़ा काम उन्होंने अब तक किया है?
श्री यादव ने कहा कि नदियों की सफाई में क्या हुआ? गोमती के किनारे रिवरफ्रंट बना उसे बर्बाद कर दिया। नई पीढ़ी की बात अनसुनी नहीं की जानी चाहिए। रोजगार की गारंटी का बिल लोकसभा में क्यों नहीं लाया जाता है? भाजपाई मूलभूत मुद्दों से भटक गए हैं। महामहिम राज्यपाल जी को भूमिका निभानी चाहिए।
Comments
Post a Comment
If You have any doubt, please let me know.