Skip to main content

Ad

कन्नौज जनसभा में बोले अखिलेश - भाजपा की विकास में रूचि नहीं उसे काम रोकने की बीमारी है।


akhilesh yadav, samajwadi party,dimple yadav
Akhilesh Yadav With Dimple Yadav

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव ने आज कन्नौज में समाजवादी पार्टी-बहुजन समाज पार्टी गठबंधन की लोकसभा प्रत्याशी श्रीमती डिम्पल यादव के नामांकन के पश्चात आयोजित जनसभा में कहा कि कन्नौज की जनता में जो उत्साह दिख रहा है उससे उनकी ऐतिहासिक जीत का विश्वास होता है। यह चुनाव कन्नौज के साथ देश का भी चुनाव है। आज की केन्द्र सरकार ने देशवासियों को बहुत दुःख दिया है, लोग परेशान हैं, उन्हें धोखा मिला है। भाजपा सरकार देश को आगे ले जाने के बजाय पीछे ले गई है। उत्तर प्रदेश में गठबंधन बन जाने के बाद 50 साल तक सत्ता में बने रहने वाले सोच रहे है कि कौन एक सीट वे बचा पाएंगे। उनका मतदान में खाता भी खुलने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा की विकास में रूचि नहीं उसे काम रोकने की बीमारी है।

श्री यादव ने बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्री सतीशचन्द्र मिश्र की उपस्थिति पर विशेष आभार जताते हुए कहा कि डाॅ0 राममनोहर लोहिया और डाॅ0 भीमराव अम्बेडकर कभी मिलकर चुनाव लड़ना चाहते थे। फिर नेताजी श्री मुलायम सिंह यादव और श्री कांशीराम ने मिलकर उनके सिद्धांतों को लागू किया। डाॅ0 लोहिया, मुलायम सिंह यादव और स्वयं मुझे कन्नौज की सेवा करने का मौका दिया है। समाजवादी पार्टी-बहुजन समाज पार्टी का जो गठबंधन बना है उससे बाबाजी और उपमुख्यमंत्रीजी की खुद की ही सीटें विपक्ष में चली गई। उन्होंने कहा यह गठबंधन विचारों का संगम है। राजनीति को दिशा देनेवाला है।

श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में गलत नीतियों के कारण सीमाएं असुरक्षित हैं। किसान की हालत खराब है। नौजवानों की रोजी-रोटी छिन गई है। देश स्वास्थ्य, शिक्षा में पिछड़ता गया है। प्रधानमंत्री जी ने सफाई कर्मियों के पैर धोए और साथ में नौकरियां भी धो डाली। उन्होंने कहा हमने एक्सप्रेस-वे जैसी शानदार सड़क बनाई। भाजपा ने कन्नौज में इत्र का बड़ा प्लांट नहीं लगने दिया। एक्सप्रेस-वे पर मंडिया बननी थी काम रोक दिया गया।
श्री अखिलेश यादव ने कुम्भ की चर्चा में कहा कि कन्नौज सम्राट हर्षवर्धन की राजधानी थी इसका ऐतिहासिक महत्व है। उन्होंने नौजवानों से कहा कि वे शालीनता और मर्यादा के साथ ज्यादा से ज्यादा मतदान कराएं और डिम्पल जी की जीत सुनिश्चित करें। इस चुनाव परिणाम से देश और संविधान मजबूत होगा। अब देश को नया प्रधानमंत्री देना है। उन्होंने कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली की मांग का भी समर्थन किया।
बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्री सतीश चन्द्र मिश्र ने कहा कि समाजवादी पार्टी-बहुजन समाज पार्टी का ऐतिहासिक गठबंधन है। उन्होंने कहा कि हमें प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतना है। बहुजन समाज पार्टी के हर सदस्य, सहयोगी को समाजवादी पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मत डालना है। उन्होंने एक्सप्रेस-वे बनाने के लिए अखिलेश जी की सराहना की। उन्होंने भाजपा की नीतियों की आलोचना की और कहा कि जनता अब वादा न निभाने वाले को सबक सिखाएगी।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रो0 रामगोपाल यादव ने कहा कि 2019 के चुनावों में नौजवानों की किस्मत का फैसला होने वाला है। उन्होंने कहा कि न अच्छे दिन आए न 15 लाख खाते में जुड़े। कितने हवाई चप्पल पहनकर हवाई जहाज पर चढ़े? उन्होंने डिम्पल जी को भारी मतों से जिताने की अपील की।
इससे पूर्व सर्वश्री श्रीमती डिम्पल यादव ने कन्नौज की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके आषीर्वाद एवं शुभकामना के चलते वे समाजवादी पार्टी से सांसद बनी थी। कन्नौज के विकास में वे कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगी।

श्रीमती यादव ने कहा कि नौटबंदी से आतंकवाद, कालाधन, नक्सलवाद खत्म नहीं हुआ। हर रोज जवान शहीद हो रहे है। यह सरकार की नाकामी है। महिलाओं के साथ अपराध बढ़े हैं। झूठे वादों की सरकार के जाने का समय आ गया है। कोई मां अपने बच्चे को पढ़ा लिखाकर चैकीदार नहीं बनाना चाहेगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी-बहुजन समाज पार्टी गठबंधन की जीत पर भरोसा जताया। सभा को बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री आरएस कुशवाहा तथा जया बच्चन ने भी सम्बोधित किया। सभा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष श्री संजय सेठ भी मौजूद थे। 

Watch Full Speech -

Comments

Adsterra Ads

Ad