![]() |
Akhilesh Yadav Speech
|
समाजवादी पार्टी मुख्यालय, लखनऊ में नए वर्ष का उत्साह आज भी छलकता रहा। हजारों नौजवानों द्वारा जय अखिलेश, जय अखिलेश का नारा गुंजायमान रहा। लोग आज भी मिलकर शुभकामनाओं का आदान प्रदान करते रहे। श्री अखिलेश यादव ने आज नौजवानों एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की और उनसे विस्तृत चर्चा की।
पार्टी मुख्यालय के डाॅ0 लोहिया सभागार में अपने सम्बोधन में श्री अखिलेश यादव ने कहा कि मेड इन इण्डिया के बहाने भाजपा ने स्वदेशी आंदोलन को फांसी लगा दी है। विदेशी सामानों का आयात बढ़ रहा है। चीन और विदेश से सामान मंगाने के लाइसेंस बंट रहे हैं। बिचैलियों ने व्यवस्था पर कब्जा कर लिया हैं। विकास पिंजरे में कैद हो गया है। किसान, नौजवान सहित समाज का हर वर्ग हताश, कुंठित और परेशान है। वह अब लोकसभा चुनावों का इंतजार कर रहा है। समाजवादी साथियों को प्रदेश को बर्बादी से बचाने के लिए अब आगे आना होगा।
![]() |
Akhilesh Yadav |
श्री यादव ने कहा कि वर्तमान में जो सरकार चल रही है उसने दो तरह की शपथ ले रखी है एक संविधान की और दूसरी आरएसएस की। लेकिन संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही है। वर्तमान में सत्ता में ऐसे लोग काबिज हैं जो सत्ता का दुरूपयोग अपने निजी स्वार्थों के लिए कर रहे हैं। जनता को धोखा दिया जा रहा हैं। भाजपा समाज में नफरत और दूरी पैदा कर रही है। भाजपा सिद्धांतहीन पार्टी है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी खुशहाली और रौनक लाना चाहते हैं, भाजपा उजाड़ने और परेशानी पैदा करने में यकीन रखती है। प्रदेश में कानून व्यवस्था ठप्प है। बेटियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ी हैं। कोई दिन ऐसा नहीं जाता जब प्रदेश में हत्या, लूट, बलात्कार अपहरण की घटनाएं न घटती हों। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में नौजवानों की नौकरियों का रास्ता बंद हो गया है। किसानों को फसल का लागत मूल्य भी नहीं मिल रहा है। किसान कर्ज से लदे हैं और आत्महत्या कर रहे हैं। मंहगाई बढ़ी हैं।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का विजन और विकास का लक्ष्य है। समाज में तेजी से बदलाव हुआ है। जीवन आसान तो हुआ किन्तु व्यवहार बदल रहा है। भारत में पूंजी का केन्द्रीकरण होने से गरीब और गरीब हुआ है और सामाजिक-आर्थिक विषमता बढ़ी है। उन्होंने कहा हम समाजवादी डाॅ0 लोहिया और लोकनायक जयप्रकाश नारायण की विरासत को आगे ले जाने को संकल्पित हैं।
श्री यादव ने कहा कि समाजवादी आंदोलन जनता के हित के लिए समर्पित है। समाजवादी विकास और देश की जरूरतों को समझते हैं। समाजवादी चाहते है कि मेट्रो रेल में छात्रों के लिए फ्री-पास की व्यवस्था हो। सिंचाई, पढ़ाई और स्वास्थ्य की सुविधाएं हों। युवाओं को नौकरियां मिलनी चाहिए।समाजवादी पेंशन सबके लिए थी, भाजपा सरकार में उसे खत्म कर दिया गया। छात्र-छात्राओं को लैपटाॅप दिए जा रहे थे, वह भी बंद हो गए। जो नियुक्तियां समाजवादी सरकार में शुरू हुई थी। उन्हें भी रोक दिया गया।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि सड़कों और बड़ी विकास योजनाओं से ही प्रदेश का विकास होगा। सामाजिक न्याय की मांग है कि जनसंख्या के आधार पर सबकी भागीदारी तय हो तो किसी को शिकायत नहीं होगी।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि सत्ता से बाहर जाते-जाते भाजपा को अपनी याद के प्रतीक के तौर पर एक जुमला पार्क बनाना चाहिए चूंकि यही भाजपा की पहचान होगी। फिलहाल पहला लक्ष्य दिल्ली से भाजपा को हटाने का है। सन् 2019 में निर्णय का समय आ चुका है। भाजपा को अब सच का सामना करने को तैयार रहना होगा।
अर्ध कुंभ के अवसर पर संतों की पेशवाई का हार्दिक अभिनंदन! प्रदेश के शासन-प्रशासन से यह अपील है कि वे संतों के यथोचित मान-सम्मान को सुनिश्चित करे और उन्हें हर संभव सुविधा पहुँचाएँ. अर्ध कुम्भ को सकुशल संपन्न कराने के लिए यह भी आवश्यक है कि वर्तमान सरकार इसका राजनीतिकरण न करे. pic.twitter.com/QZzSueY21W— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) January 2, 2019
Comments
Post a Comment
If You have any doubt, please let me know.